(सुपन राय, न्यूज़ 4 पंचायत, मनेर/पटना) - पटना जिले के मनेर प्रखंड के ब्यापुर में बुधवार को आयोजित बिहार कांग्रेस का ‘दलित संवाद’ कार्यक्रम राजनीतिक रूप से काफी अहम रहा। इस कार्यक्रम में बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और दलित समाज के मुद्दों को लेकर केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।
सभा को संबोधित करते हुए राजेश राम ने कहा कि दलित इस देश के निर्माता हैं। उनके श्रम और कौशल ने देश को आगे बढ़ाया है, लेकिन अधिकार लेने के वक्त उन्हें हमेशा पीछे धकेला गया। उन्होंने कहा कि दलित समाज ने सदियों से शोषण सहा, लेकिन कभी भी देश और समाज के खिलाफ नहीं गया—यह उनकी महानता को दर्शाता है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जब से देश में मनुवादी सोच की सरकार बनी है, तब से दलित समाज को कमजोर और उपेक्षित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि कांग्रेस शासन में दलितों को सम्मान और भागीदारी मिलती थी, लेकिन आज हालात चिंताजनक हैं।
इस कार्यक्रम में कई प्रमुख नेताओं और पदाधिकारियों ने मंच साझा किया। चौधरी ब्रह्म प्रकाश जो किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं, उन्होंने भी किसानों और दलितों के मुद्दों को उठाया। प्रवक्ता पंकज यादव, प्रेमचंद सिंह, चंदन सिंह, मिन्नत रहमानी, हामिद राजा, अमन यादव भी मौजूद रहे। वहीं समंत प्रधान ने भी मंच से अपनी बात रखी। सभी वक्ताओं ने सामाजिक न्याय, दलित अधिकार और मौजूदा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
मनेर के ब्यापुर में आयोजित यह ‘दलित संवाद’ कार्यक्रम आगामी चुनावों को देखते हुए कांग्रेस की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी दलित समाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए आक्रामक रुख अपना रही है।