(दीपक चौरसिया, न्यूज़ 4 पंचायत, मनेर/पटना) - मनेर प्रखंड के नए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) के रूप में चंदन प्रियदर्शी ने आज विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान प्रखंड शिक्षा कार्यालय के कर्मी उपस्थित रहे।
पदभार संभालने के बाद चंदन प्रियदर्शी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता मनेर प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना होगी। इसके साथ ही शिक्षकों की शत-प्रतिशत और समय पर ई-शिक्षा कोष पर उपस्थिति, छात्रों की नियमित उपस्थिति में बढ़ोतरी तथा मध्याह्न भोजन योजना के सुचारू संचालन को सुनिश्चित किया जाएगा।
नए बीईओ ने स्पष्ट कहा कि सरकार की सभी शैक्षणिक योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने दिया जाएगा, बल्कि उन्हें ईमानदारी और प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रखंड के सभी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाएगी और स्कूलों का निरीक्षण भी किया जाएगा। शिक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
चंदन प्रियदर्शी के नए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण करने पर शिक्षकों और शिक्षा प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया है। लोगों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में मनेर प्रखंड की सरकारी शिक्षा व्यवस्था में सुधार होगा और विद्यालयों में पढ़ाई, अनुशासन तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी।