• India
  • Loading...
BREAKING
सोशल

मनेर में सूफियाना रंग में सराबोर होगा रविवार, सलमान अली की प्रस्तुति बनेगी मुख्य आकर्षण

मनेर की सरजमीं रविवार की शाम पूरी तरह सूफियाना रंग में रंगने जा रही है। मशहूर गायक Salman Ali की सुरमयी प्रस्तुति इस वर्ष के सूफी महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण रहने वाली है। यह भव्य आयोजन मनेर दरगाह के समीप स्थित डाक बंगला मैदान में किया जा रहा है, जहां हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

सलमान अली, जिन्होंने इंडियन आइडल सीजन 10 के विजेता के रूप में अपनी पहचान बनाई, इससे पहले सा रे गा मा पा लिटिल चैंप्स में भी उपविजेता रहकर अपनी गायकी का लोहा मनवा चुके हैं। वर्ष 2019 में फिल्म सैटेलाइट शंकर के गीत “जय हो” से उन्होंने बॉलीवुड में पार्श्व गायन की शुरुआत की थी। उनकी सूफियाना और भावपूर्ण आवाज़ के देशभर में लाखों प्रशंसक हैं, जिसके चलते इस महोत्सव को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

इस कार्यक्रम में सलमान अली के साथ-साथ बिहार के कई स्थानीय लोक एवं सूफी कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। आयोजकों का कहना है कि इस मंच पर सूफी संगीत के साथ-साथ प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति की भी झलक देखने को मिलेगी।

सूफी महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में डाक बंगला मैदान में विशाल पंडाल, आकर्षक मंच, अत्याधुनिक साउंड सिस्टम, भव्य प्रकाश व्यवस्था और दर्शकों के बैठने की बेहतर व्यवस्था की गई है। सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और पार्किंग को लेकर भी प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफल तरीके से संपन्न हो सके।

इस समाचार को साझा करें