• India
  • Loading...
BREAKING
मनेर में शिक्षा पर संकट: राम नगीना सिंह इंटर कॉलेज से हटेगा राजकीय डिग्री कॉलेज, 65 छात्रों का भविष्
शिक्षा

मनेर में शिक्षा पर संकट: राम नगीना सिंह इंटर कॉलेज से हटेगा राजकीय डिग्री कॉलेज, 65 छात्रों का भविष्

(सुपन राय, न्यूज़ 4 पंचायत, मनेर/पटना) - मनेर में उच्च शिक्षा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। राम नगीना सिंह इंटर कॉलेज में संचालित राजकीय डिग्री कॉलेज को हटाने का फैसला अब छात्रों के भविष्य पर भारी पड़ता दिख रहा है। राजनीतिक खींचतान और प्रशासनिक लापरवाही के बीच 65 नामांकित छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

प्रशासन ने डिग्री कॉलेज को अचानक रामबाद स्थित संत गगन बाबा उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्थानांतरित कर दिया है। यह इलाका दियारा क्षेत्र में आता है, जहां हर साल बरसात के दौरान लगभग तीन महीने तक भीषण जलजमाव और बाढ़ की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में छात्रों का नियमित रूप से कॉलेज पहुंचना लगभग असंभव माना जा रहा है।

सबसे ज्यादा चिंता छात्राओं की सुरक्षा को लेकर जताई जा रही है। नया स्थान बेहद सुनसान है, आसपास न तो घनी आबादी है और न ही सुरक्षा की कोई पुख्ता व्यवस्था। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग तक नहीं होती, जिससे किसी भी अप्रिय घटना का खतरा बना रहेगा।

नगर परिषद मनेर के उपसभापति शंकर यादव ने खास बातचीत में प्रशासनिक फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना भौगोलिक और व्यावहारिक स्थिति का आकलन किए यह निर्णय लेना छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। वहीं मनेर के पूर्व विधायक प्रो. सूर्य देव त्यागी ने भी इस फैसले को गलत बताते हुए सरकार से पुनर्विचार की मांग की है।

रालोजपा के पटना जिला अध्यक्ष कामेश्वर यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य” का नारा देने वाली सरकार को छात्रों के जीवन से खिलवाड़ बंद करना चाहिए और डिग्री कॉलेज के लिए स्थायी एवं सुरक्षित भवन की व्यवस्था करनी चाहिए।

इधर, ग्यासपुर पंचायत में राजकीय डिग्री कॉलेज बनाए जाने की चर्चा भी तेज हो गई है, जबकि स्थानीय लोग रामबाद को फ्लडेड एरिया बताते हुए यहां कॉलेज चलाने को “बचकाना फैसला” करार दे रहे हैं।

करोड़ों का स्टेडियम बना वीरान, अब कॉलेज के नाम पर नया विवाद
सूअरमरवा पंचायत के रामबाद स्थित परिसर में करोड़ों रुपये की लागत से बना मनेर का इकलौता स्टेडियम आज बदहाल स्थिति में है। यहां खेल गतिविधियों की जगह अब जंगली झाड़-फूस उग आए हैं। ऐसे में इसी परिसर में डिग्री कॉलेज स्थानांतरित करने का फैसला लोगों को समझ से परे लग रहा है।

युवाओं की मांगें:

  • डिग्री कॉलेज के स्थानांतरण पर तत्काल रोक लगे
  • सुरक्षित और उपयुक्त स्थान का चयन किया जाए
  • स्टेडियम निर्माण में हुई कथित अनियमितताओं की जांच हो
मनेर के जागरूक युवाओं ने इस मुद्दे को लेकर सरकार और प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो छात्रों का भविष्य बर्बाद हो सकता है।

इस समाचार को साझा करें