(सुपन राय, न्यूज़ 4 पंचायत, मनेर/पटना) - पटना जिले के मनेर प्रखंड अंतर्गत ग्यासपुर पंचायत में आज एक भव्य ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया, जिसने ग्रामीणों की उम्मीदों को नई ऊर्जा दी। मुखिया जितेन्द्र कुमार यादव के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में पंचायत से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके त्वरित समाधान का भरोसा दिया गया।
शिविर में खास तौर पर नल-जल योजना, जमीन की रसीद, घरेलू उद्योग समेत कई अहम मुद्दों पर ग्रामीणों ने खुलकर अपनी बात रखी। बड़ी संख्या में ग्यासपुर पंचायत के लोग अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे, जहां प्रशासन ने उन्हें निराश नहीं किया।
इस दौरान मनेर अंचल की अंचलाधिकारी (CO) पूजा कुमारी और दानापुर भूमि एवं राजस्व उप समाहर्ता (DCLR) स्वयं शिविर में मौजूद रहे। खास बात यह रही कि दोनों अधिकारियों ने केवल औपचारिकता नहीं निभाई, बल्कि गांव में घूम-घूमकर लोगों की समस्याएं सुनीं, मौके पर ही संबंधित कर्मियों को निर्देश दिए और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह का शिविर पहली बार देखने को मिला, जहां अधिकारी खुद गांव की गलियों में उतरकर समस्याएं सुन रहे हैं। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है।
मुखिया जितेन्द्र कुमार यादव ने कहा कि पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान ही उनकी प्राथमिकता है और आगे भी इस तरह के शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि किसी भी ग्रामीण को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
यह ‘सहयोग शिविर’ सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच भरोसे की एक नई कड़ी साबित हो रहा है, जो गांव के विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।